भारत-अमेरिका में दूसरे दौर की वार्ता 6 अप्रैल को

भारत और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की रणनीतिक वार्ता नई दिल्ली में 6 अप्रैल को होगी जिसमें विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन अमेरिकी पक्ष का नेतृत्व करेंगी। यह घोषणा विदेश सचिव निरुपमा राव ने वॉशिंगटन में की।

निरुपमा राव ने अपने तीन दिवसीय अमेरिका दौरे के समापन पर मंगलवार की शाम संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस बार बैठक 6 अप्रैल को नई दिल्ली में होगी। विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन इसके लिए भारत यात्रा करेंगी।’’ अमेरिका यात्रा पर आईं राव ने मिस्र में चल रहे घटनाक्रम के अलावा अनेक द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत की।

उन्होंने राजनीतिक मामलों के उप विदेश मंत्री विलियम बर्न्‍स से लंबी बातचीत के अलावा विदेश विभाग के फागी बाटम मुख्यालय में हिलेरी क्लिंटन से भी मुलाकात की। निरुपमा राव ने अमेरिकी अधिकारियों को भूटान में हाल ही में हुई भारत.पाक वार्ता की जानकारी दी और इस पर भारत के नजरिये से अवगत कराया।

विदेश सचिव के मुताबिक उन्होंने और बर्न्‍स ने पिछले साल नवंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के दौरान हुए फैसलों के क्रियान्वयन पर दोनों देशों की तरफ से उठाये गये कदमों पर विचार विमर्श किया। दोनों अधिकारियों ने भारत और अमेरिका के बीच दूसरी रणनीतिक वार्ता के लिए आधार भी तैयार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *